बैंक से निकलते ही लूट! 25 हजार का इनामी सद्दाम पिस्टल-कारतूस के साथ गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 4 अक्टूबर। एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ पुलिस ने बैंक ग्राहकों की रेकी कर लूट की वारदातों को अंजाम देने के आरोप में 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी सद्दाम हुसैन को उसके साथी रज्जाक मोहम्मद के साथ गिरफ्तार किया है। डीएसटी और सदर निंबाहेड़ा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से अवैध पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 25 हजार रुपए का इनामी सद्दाम हुसैन अपने साथी के साथ अवैध हथियार लेकर निंबाहेड़ा की ओर आ सकता है। सूचना के आधार पर बिनोता चौकी के सामने नाकाबंदी की गई। इसी दौरान पुलिस ने सद्दाम हुसैन (32) निवासी पीतलवडी, थाना छोटी सादड़ी, प्रतापगढ़ और रज्जाक मोहम्मद (38) निवासी पीतलवडी को पकड़ लिया।
बैंक में ग्राहक बनकर करता था रेकी
पुलिस के मुताबिक, सद्दाम बैंक में ग्राहक बनकर पैसे निकालने वाले लोगों पर नजर रखता था। बैंक से बाहर निकलने के बाद वह संबंधित व्यक्ति का पीछा करता और मौका मिलने पर लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता था। पुलिस अब आरोपी से उसकी कथित लूट की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
सद्दाम पर 19, रज्जाक पर 4 प्रकरण
पुलिस के अनुसार, सद्दाम हुसैन के खिलाफ चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, अजमेर और उदयपुर जिलों में कुल 19 प्रकरण दर्ज हैं। इनमें 17 लूट और 2 चोरी के मामले शामिल बताए गए हैं। वहीं, रज्जाक मोहम्मद के खिलाफ चोरी के 4 प्रकरण दर्ज होना बताया गया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस अब बरामद हथियार कहां से आया और इसकी खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
इनकी रही भूमिका
कार्रवाई में डीएसटी टीम प्रभारी एएसआई सूरज कुमार, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल रतन सिंह, जगदीश, देवेंद्र, रामकेश व अमित कुमार शामिल रहे। वहीं सदर निंबाहेड़ा थाना पुलिस की टीम में थानाधिकारी संजय शर्मा, एएसआई भूपेंद्र सिंह सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Tags
Breaking News