चित्तौड़गढ़ निम्बाहेड़ा नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन, छात्र कल्याण परिषद ने ली शपथ; प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन, छात्र कल्याण परिषद ने ली शपथ; प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ निम्बाहेड़ा। मोहित उच्च माध्यमिक विद्यालय में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अभिनंदन, छात्र कल्याण परिषद के शपथ ग्रहण और प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी मुख्य अतिथि रहे, जबकि पूर्व विधायक अशोक नवलखा ने अध्यक्षता की।

कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद निम्बाहेड़ा की नवनिर्वाचित सभापति श्रीमती शिल्पा भूतड़ा, उपसभापति निलेश मेहता सहित भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों का विद्यालय परिवार की ओर से अभिनंदन किया गया। विद्यालय संचालक प्रकाशचंद चेलावत ने अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया।
छात्र कल्याण परिषद के सदस्यों ने ली शपथ

समारोह में विद्यालय की छात्र कल्याण परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण भी कराया गया। विधायक श्रीचंद कृपलानी ने विद्यार्थियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुशासन, जिम्मेदारी और विद्यालय के विकास में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

विधायक कृपलानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रहित की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और जिम्मेदारियों से जोड़ने से उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

सभापति भूतड़ा ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
नवनिर्वाचित सभापति श्रीमती शिल्पा भूतड़ा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ रचनात्मक गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनके व्यक्तित्व निर्माण में विद्यालय तथा शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

समारोह में विभिन्न उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

जूट के थैलों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विद्यालय की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपनी वार्षिक परंपरा को जारी रखते हुए जूट से निर्मित थैलों का वितरण किया गया। इसके माध्यम से प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, पूर्व नगर महामंत्री वीरेश चपलोत, नगर निकाय चुनाव संयोजक उमेश तोतला, सह संयोजक मोतीलाल आहूजा, नगर महामंत्री देवकरण समदानी, कमलेश बनवार, एससी मोर्चा जिला अध्यक्ष कमलेश बुनकर, भाजपा कोषाध्यक्ष निलेश भूतड़ा सहित विद्यालय परिवार के सदस्य, विद्यार्थी एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन विभा शर्मा एवं सुरेन्द्र कुमार जैन ने किया। अंत में विद्यालय संचालक प्रकाशचंद चेलावत ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post