20 नवंबर को होगी जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना, तैयारियों को लेकर कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने दिए निर्देश—मतगणना में निष्पक्षता और पारदर्शिता का रखें विशेष ध्यान, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 20 नवंबर को मतगणना होगी। मतगणना की तैयारियों को लेकर बुधवार को इंदिरा गांधी प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम में मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें कार्मिकों को मतगणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने कहा कि कार्मिकों ने तृतीय एवं चतुर्थ चरण के चुनाव शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न करवाए हैं। अब इसी जिम्मेदारी और सजगता के साथ 20 नवंबर को होने वाली मतगणना भी निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से पूरी करवाई जाए। उन्होंने कहा कि मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का बेहद महत्वपूर्ण चरण है। ऐसे में सभी कार्मिक निर्धारित दिशा-निर्देशों और प्रक्रियाओं की पूरी पालना सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम डेमो का अवलोकन कर मतगणना से जुड़ी व्यवस्थाओं और प्रक्रिया की जानकारी ली। प्रशिक्षण में कार्मिकों को एमपीएमवी ईवीएम के माध्यम से मतगणना की प्रक्रिया पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए समझाई गई। साथ ही विभिन्न सीलों की जांच, डाक मतपत्रों की गणना तथा डीएमएम की सीलिंग से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में अतिरिक्त जिला कलक्टर राजलक्ष्मी गहलोत, डीएलएमटी डॉ. कनक जैन, ओमप्रकाश पालीवाल सहित संबंधित मतगणना कार्मिक उपस्थित रहे।
Tags
Breaking News