साली से शादी करने की जिद पर पानी की टंकी पर चढ़ा युवक

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के पूरा राय गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 35 वर्षीय युवक बाबू पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक को टंकी पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर डायल 112 और इंदरगढ़ थाना प्रभारी विनोद कुमार कश्यप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।

बताया गया कि बाबू की पत्नी करीब एक साल पहले उसे छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई थी। इसके बाद से वह अपनी साली से शादी करने की जिद कर रहा है। युवक का कहना था कि उसकी साली उससे शादी नहीं कर रही है। उसने आरोप लगाया कि शनिवार को राजपाल सक्सेना ने उसके साथ मारपीट की, जिससे नाराज होकर वह पानी की टंकी पर चढ़ गया।

पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक युवक को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह करीब तीन घंटे तक टंकी पर हाई वोल्टेज ड्रामा करता रहा। आखिरकार पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया। युवक ने बताया कि उसने डायल 112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी थी। मौके पर एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौजूद रही। इस दौरान घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post