मंदसौर में पुलिस की कार्रवाई: अल्टो कार से 50 किलो डोडाचूरा बरामद, राजस्थान और मध्यप्रदेश के दो आरोपी गिरफ्तार
भावगढ़ पुलिस ने दलौदा-भावगढ़ रोड पर घेराबंदी कर पकड़ी कार, 2 लाख का डोडाचूरा और 3 लाख की अल्टो कार सहित 5.21 लाख रुपये का माल जब्त
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भावगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अल्टो कार से 50 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने कार में सवार मध्यप्रदेश और राजस्थान निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को वाहन चेकिंग के दौरान सेमलिया हीरा की ओर से आ रही सफेद रंग की अल्टो कार (MP 09 DN 1582) को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर चालक ने कार दलौदा की तरफ मोड़ दी। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर दलौदा-भावगढ़-मजेसरा रोड पर सरगस बावजी मंदिर के सामने कार को रुकवा लिया।
कार की तलाशी लेने पर उसमें रखे तीन काले कट्टों से कुल 50 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कार चालक नारायण सिंह (48) निवासी डीगोन, थाना सुसनेर, जिला आगर मालवा (मध्यप्रदेश) और उसके साथ बैठे सुजान सिंह (38) निवासी लुहारिया, थाना डग, जिला झालावाड़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया।
भावगढ़ थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 216/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से डोडाचूरा की खरीद-फरोख्त और उसके स्रोत के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
5.21 लाख रुपये का मश्रुका जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 50 किलो डोडाचूरा (कीमत करीब 2 लाख रुपये), अल्टो कार (कीमत करीब 3 लाख रुपये), एक वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल (20 हजार रुपये) और एक विलियन कंपनी का कीपैड मोबाइल (1 हजार रुपये) जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 5 लाख 21 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी ग्रामीण गिरिश जेजुलकर के मार्गदर्शन तथा भावगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक वरसिंह कटारा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र मकवाना सहित थाना भावगढ़ की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
Breaking News