प्रतापगढ़ में तस्करी की कमाई पर पुलिस का बड़ा प्रहार, हिस्ट्रीशीटर वसीम खान की 1.25 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
देवल्दी गांव में आलीशान मकान, क्रेटा कार और जॉन डियर ट्रैक्टर पर कार्रवाई; राजस्थान और मध्यप्रदेश में हत्या, हथियार व एनडीपीएस सहित 19 मामले दर्ज
डीएस सेवन न्यूज प्रतापगढ़। मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्ति के खिलाफ प्रतापगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस ने अरनोद क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर वसीम खान की करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपए की संपत्ति फ्रीज कर दी। कार्रवाई के दायरे में आरोपी का आलीशान मकान, क्रेटा कार और जॉन डियर ट्रैक्टर शामिल हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में अरनोद थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(1) के तहत यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध कमाई से देवल्दी गांव में करीब 1 करोड़ 4 लाख रुपए की लागत का मकान बनवाया था। इसके अलावा 12 लाख रुपए की क्रेटा कार और 9 लाख रुपए का जॉन डियर ट्रैक्टर भी खरीदा था।
पुलिस की वित्तीय जांच के बाद सक्षम प्राधिकारी सफेमा एवं एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली से संपत्तियों को फ्रीज करने का आदेश स्वीकृत हुआ। इसके बाद 15 नवंबर को पुलिस टीम ने संबंधित संपत्तियों पर बोर्ड लगाकर उन्हें फ्रीज करने की कार्रवाई पूरी की।
23 साल में 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वसीम खान के खिलाफ वर्ष 2003 से 2026 के बीच राजस्थान और मध्यप्रदेश में कुल 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें हत्या, मारपीट, अवैध हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। आरोपी वर्तमान में जोधपुर सेंट्रल जेल में न्यायिक अभिरक्षा में बंद है।
अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वित्तीय जांच और संपत्तियों से जुड़े तथ्यों के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्ति पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Tags
Breaking News