आबकारी पुलिस फोर्स को फिट और अनुशासित बनाने की पहल, प्रदेशभर में सुबह हुई पीटी और परेड ड्रिल

आबकारी पुलिस फोर्स को फिट और अनुशासित बनाने की पहल, प्रदेशभर में सुबह हुई पीटी और परेड ड्रिल

आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर अधिकारियों और जवानों ने किया शारीरिक अभ्यास, अब नियमित होगी पीटी-परेड; जोन और जिला स्तर पर रहेगी निगरानी
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। प्रदेश में आबकारी पुलिस फोर्स को अधिक चुस्त-दुरुस्त और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से विभाग ने नियमित पीटी और परेड ड्रिल की व्यवस्था लागू की है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार शनिवार और रविवार को प्रदेशभर में अधिकारियों एवं जवानों ने अलसुबह मैदान में पहुंचकर शारीरिक व्यायाम और विभिन्न परेड अभ्यास किए।

इस दौरान जवानों ने सलामी, टर्निंग, सैल्यूट एंड रिपोर्टिंग, लाइन एंड फॉर्मेशन तथा कदमताल जैसी आवश्यक ड्रिल का अभ्यास किया। साथ ही शारीरिक क्षमता बढ़ाने के लिए व्यायाम भी किया गया। सभी गतिविधियां निर्धारित नियमों और अनुशासन के अनुरूप संपन्न कराई गईं।

आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने वर्दीधारी आबकारी पुलिसकर्मियों के लिए नियमित पीटी और परेड ड्रिल को आवश्यक बताया। उनका मानना है कि इस अभ्यास से जवानों की शारीरिक फिटनेस बेहतर होने के साथ वर्दी पहनने के तौर-तरीकों, अनुशासन और विभागीय जिम्मेदारियों के प्रति समर्पण की भावना भी मजबूत होगी।

प्रदेशभर में इस अभियान की निगरानी संबंधित जोन के अतिरिक्त आबकारी आयुक्त और उपायुक्त द्वारा की गई। आबकारी आयुक्त ने अभ्यास को नियमित रूप से जारी रखने के आदेश दिए हैं। इसके लिए जोन एवं जिला स्तर के अधिकारियों को भी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विभाग की इस पहल का उद्देश्य आबकारी पुलिस फोर्स में शारीरिक दक्षता, बेहतर कार्यक्षमता और अनुशासन को मजबूत करना है, ताकि जवान अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन अधिक तत्परता और प्रभावी ढंग से कर सकें।

Post a Comment

Previous Post Next Post