चित्तौड़गढ़ निंबाहेडा नेहरू जयंती पर निंबाहेड़ा में कांग्रेसजनों ने किया नमन, उदयलाल आंजना ने प्रतिमा पर अर्पित किए पुष्प

नेहरू जयंती पर निंबाहेड़ा में कांग्रेसजनों ने किया नमन, उदयलाल आंजना ने प्रतिमा पर अर्पित किए पुष्प

नेहरू पार्क में आयोजित समारोह में लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को किया याद, कांग्रेसजनों ने विचारों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
डीएस सेवन न्यूज निंबाहेड़ा, देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर शनिवार को निंबाहेड़ा में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। माल गोदाम रोड स्थित नेहरू पार्क में आयोजित समारोह में राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना सहित कांग्रेसजनों और जनप्रतिनिधियों ने नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके योगदान और विचारों को याद करते हुए उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।

पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आजादी के बाद देश को विकास और प्रगति की दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षा, विज्ञान, औद्योगिक विकास और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए उनके प्रयासों ने आधुनिक भारत की नींव तैयार करने में अहम योगदान दिया।

कांग्रेसजनों ने नेहरू के लोकतांत्रिक मूल्यों, धर्मनिरपेक्ष विचारधारा, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि विविधताओं वाले देश में आपसी भाईचारे और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

समारोह में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि नेहरू जयंती केवल एक महापुरुष को याद करने का दिन नहीं, बल्कि उनके विचारों को समाज तक पहुंचाने और जनसेवा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी है। इस मौके पर कांग्रेस संगठन की एकजुटता और जनकल्याणकारी विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही गई।

ये रहे मौजूद: कार्यक्रम में नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बंशीलाल राइवाल, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष सुभाष चन्द्र शारदा, जिला कांग्रेस महासचिव मनोज पारख, कृषि उपज मंडी समिति क्रेता व्यापार संघ के पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल आंजना, अल्पसंख्यक विभाग नगर अध्यक्ष मोहम्मद कुरैशी, जिला फुटबॉल संघ सचिव फैसल खान, मंसूर अली बोहरा, आजाद गौरी, राजेश सांड, शमशू कमर मंसूरी, जावेद खान, ब्रह्मलाल उपाध्याय, जहांगीर हुसैन मंसूरी, लक्ष्मीनारायण चौहान, अमजद मेव, पूर्व पार्षद शोभाराम जाट एवं बिहारीलाल सोलंकी, शांतिलाल लाड़ना, एडवोकेट सैयद साजिद अली, फरीद खान, बाबू खान मेव, दिलीप सोनी, बंशीलाल कुमावत, रमेश सेन, चांदमल सोनावा, सुरेश मीणा, महावीर पालेचा, जफर अली मेव, मुस्तनसीर ताहेर कानोड़वाला, मोहसिन खान, कन्हैयालाल तेली, फिरोज खान, लखमीचंद बारेठ, सलीम गौरी, मांगीलाल बामनिया, हरिकिशन माली एवं कांग्रेस कार्यालय प्रभारी जाकिर हुसैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेसजनों ने 'चाचा नेहरू अमर रहें' और 'पंडित जवाहरलाल नेहरू अमर रहें' के नारे लगाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Post a Comment

Previous Post Next Post