डीएस सेवन न्यूज भीलवाड़ा: सरकारी स्कूल के टीचर पर नाबालिग के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़े जाने का आरोप, ग्रामीणों ने की पिटाई, शिक्षा विभाग ने कार्यमुक्त किया
भीलवाड़ा राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में एक सरकारी स्कूल के टीचर को नाबालिग लड़की के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़े जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोपी टीचर की जमकर पिटाई की और सबूत के तौर पर उसकी करतूत का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है
ग्रामीणों का आरोप है कि यह टीचर पिछले एक साल से गांव में किराए के मकान में रह रहा था और ट्यूशन पढ़ाने के बहाने नाबालिग लड़कियों के साथ गलत हरकतें करता था। इसके अलावा, वह बेसहारा और गरीब महिलाओं को काम दिलाने का लालच देकर अपने घर बुलाकर आपत्तिजनक व्यवहार करता था। ग्रामीणों को टीचर की गतिविधियों पर संदेह होने पर उन्होंने रेकी की और 9 जुलाई को उसे रंगे हाथों पकड़ लिया
स्थानीय लोगों के अनुसार, 9 जुलाई को एक नाबालिग लड़की टीचर के घर पढ़ने के लिए गई थी। संदेह होने पर ग्रामीण एकजुट होकर टीचर के घर पहुंचे और कमरे में जाकर देखा तो वह नाबालिग के साथ आपत्तिजनक हालत में था। गुस्साए ग्रामीणों ने टीचर की पिटाई कर दी, जबकि नाबालिग को उसके परिवार को सौंप दिया गया। घटना के बाद टीचर अपना सामान लेकर गांव छोड़कर भाग गया और बताया जा रहा है कि वह किसी अन्य गांव में शिफ्ट हो गया है।
मांडलगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने कहा, "यदि पीड़ित पक्ष से शिकायत मिलती है, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
दूसरी ओर, ग्रामीणों की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टीचर को कार्यमुक्त कर दिया है और उसे जिला मुख्यालय भीलवाड़ा भेज दिया गया है। इस घटना ने क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की नैतिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं
DS7NEWS NETWORK
नोट: यह खबर उपलब्ध जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। DS7NEWS NETWORK किसी भी तथ्य को बढ़ा-चढ़ाकर या गलत तरीके से प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी नहीं लेता।
Tags
Breaking News