उदयपुर के तीन एनसीसी कैडेट्स का गणतंत्र दिवस परेड 2026 के लिए चयन, बढ़ाया राजस्थान का मान
डीएस सेवन न्यूज़ उदयपुर, 1 जनवरी। 1 राज नेवल यूनिट एनसीसी, उदयपुर के लिए यह गौरवपूर्ण क्षण है कि यूनिट के तीन कैडेट्स का चयन आगामी 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए हुआ है। यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर शकील अहमद ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष राजस्थान डायरेक्टरेट से नेवी, आर्मी और एयर विंग—तीनों विंग से कैडेट्स का चयन किया गया है।
चयन प्रक्रिया के दौरान कैडेट्स ने विभिन्न राष्ट्रीय एवं प्री-आरडी कैंपों में भाग लेते हुए मार्च फास्ट, परेड, राइफल ड्रिल सहित अन्य गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा और कठोर प्रशिक्षण के बाद यूनिट के तीन कैडेट्स ने अपना स्थान सुनिश्चित किया। पीओ कैडेट यशपाल सिंह कुम्पावत का चयन कर्तव्य पथ परेड के लिए, पीओ कैडेट आदित्य राज सिंह का चयन पीएमआर (प्राइम मिनिस्टर्स रैली) इवेंट के लिए तथा कैडेट किर्तनपाल सिंह मोरावत का चयन फ्लैग एरिया के लिए हुआ है।
कमांडर शकील अहमद ने चयनित कैडेट्स को बधाई देते हुए इसे यूनिट, उदयपुर शहर और पूरे राजस्थान के लिए गर्व की उपलब्धि बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि कैडेट्स गणतंत्र दिवस समारोह में अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
Tags
Breaking News