उदयपुर 1680 लीटर अवैध सॉलवेन्ट कैमिकल से भरे ड्रम जब्त करते हुए मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार

हाईवे पर अवैध सॉलवेन्ट कारोबार का पर्दाफाश, 1680 लीटर कैमिकल जब्त कर मुख्य आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज़ उदयपुर जिले में अवैध कारोबार और कालाबाजारी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर श्री योगेश गोयल के निर्देशानुसार जिलेभर में गैरकानूनी गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में वृत गिर्वा क्षेत्र में अवैध सॉलवेन्ट और कैमिकल के कारोबार का खुलासा करते हुए थाना टीडी पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री गोपाल स्वरूप मेवाड़ा के सुपरविजन में तथा पुलिस उप अधीक्षक वृत गिर्वा श्री गोपाल चन्देल के नेतृत्व में सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया था। अवैध कारोबारियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस टीम को विशेष निर्देश दिए गए थे। इसी दौरान 1 जनवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि नेशनल हाईवे 48 के किनारे गांव पाटिया स्थित मातेश्वरी होटल के पीछे एक गोदाम में अवैध रूप से पेट्रोलियम पदार्थों से जुड़े सॉलवेन्ट और कैमिकल का भंडारण किया जा रहा है।


सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जाब्ता देखकर आरोपी मुकेश वैष्णव पिता जगदीश वैष्णव निवासी तासोल जिला राजसमंद गोदाम खुला छोड़कर फरार होने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पीछा कर पकड़ लिया। गोदाम की जांच करने पर वहां भारी मात्रा में ड्रमों में भरा तरल पदार्थ मिला, जिसे प्रारंभिक तौर पर संदिग्ध पाया गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला रसद कार्यालय की टीम को मौके पर बुलाया गया। प्रवर्तन निरीक्षक श्रीमती हिमानी सिंह सोलंकी एवं 10CI से श्री धर्मेन्द्र द्वारा सैम्पलिंग की गई। जांच में पाया गया कि गोदाम में संग्रहित तरल पदार्थ सॉलवेन्ट/कैमिकल है, जिसका भंडारण आरोपी द्वारा बिना किसी वैध लाइसेंस के किया जा रहा था।


पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी हाईवे पर चलने वाले टैंकरों के चालकों से सांठ-गांठ कर सस्ती दरों पर यह कैमिकल खरीदता था और बाद में कालाबाजारी के जरिए ऊंचे दामों पर बेचता था। इस अवैध कारोबार से न केवल राजस्व को नुकसान पहुंच रहा था, बल्कि यह गतिविधि सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर खतरा बन सकती थी।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गोदाम से कुल 1680 लीटर सॉलवेन्ट/कैमिकल ड्रमों में भरा हुआ जब्त किया। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। प्रकरण का अनुसंधान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान प्रकोष्ठ उदयपुर द्वारा किया जा रहा है।


इस कार्रवाई में पुलिस उप अधीक्षक वृत गिर्वा श्री गोपाल चन्देल सहित एएसआई त्रिलोक नाथ, हैड कांस्टेबल जितेन्द्र, कांस्टेबल भीम सिंह, हरलाल, प्रदीप सिंह, कुशाल और चिराग की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और यह स्पष्ट संदेश गया है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post