चित्तौड़गढ़ में होटल पर युवक की गोली मारकर हत्या, 60 से अधिक फायर, पुलिस जांच में जुटी
डीएस 7 न्यूज चित्तौड़गढ़ शहर में रविवार देर रात कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सेमलपुरा इलाके के विकास होटल पर अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान अजयराज सिंह झाला पुत्र शिवसिंह झाला निवासी निंबाहेड़ा के रूप में हुई है, जो चित्तौड़गढ़ पुलिस के रिटायर्ड एएसआई का बेटा था।
पुरानी रंजिश के चलते हत्या, 60 राउंड से ज्यादा फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना का कारण काम को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश है, जो संभवतः बजरी विवाद से जुड़ी हुई थी। मृतक अपने दोस्तों के साथ होटल की छत पर खाना खा रहा था, तभी पांच से छह गाड़ियों में सवार करीब 30-35 हमलावर वहां पहुंचे और चार पिस्तौलों से करीब 60 राउंड फायर किए।
प्रत्यदर्शी का बड़ा खुलासा
मृतक के साथी ओंकार शर्मा ने बताया कि घटना में ईश्वरसिंह डेट, कुलदीप सिंह, मोटी सिंह (डगला का खेड़ा), राजपाल सिंह, राहुल, विक्रम सिंह, कमल सिंह, भैरूं झूपड़ा सहित कई लोग शामिल थे। हमलावरों के पास स्कॉर्पियो, XUV, सिलेरियो, अल्टो जैसी कई गाड़ियाँ थीं। उन्होंने कहा कि यह हमला पूरी योजना के साथ किया गया और इसकी रेकी पहले से मनोज चौधरी द्वारा की गई थी।
पुलिस और अस्पताल प्रशासन पर सवाल
घटना के तुरंत बाद घायलों को बिड़ला अस्पताल ले जाया गया। ओंकार शर्मा के अनुसार उस समय अजयराज सिंह जिंदा था, लेकिन डॉक्टर उसे देख कर भाग गया। उन्होंने 100 और 112 नंबर पर कॉल किया लेकिन कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। बाद में पुलिस पहुंची और बताया कि डॉक्टर नहीं आएगा और युवक की मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस का बयान
कोतवाली थानाधिकारी भावनीसिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करीब 8-10 हमलावरों द्वारा विवाद के चलते फायरिंग कर युवक की हत्या की बात सामने आई है। मृतक के साथी के बयान के आधार पर आरोपियों को नामजद किया गया है और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। शहर के कई स्थानों पर पुलिस दबिश दे रही है।
🟥 DS7 NEWS NETWORK | सच के साथ
📍 चित्तौड़गढ़
Tags
Breaking New