उदयपुर हरियाव में बिंदौली में खूनी बवाल तलवारबाजी से कई घायल, दुल्हन को घोड़ी से उतारा आधी रात केस दर्ज

बिंदौली में खूनी बवाल: तलवारबाजी से कई घायल, दुल्हन को घोड़ी से उतारा — आधी रात केस दर्ज 
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। जिले के कुराबड़ रोड स्थित हरियाव गांव में मंगलवार रात एक शादी समारोह उस वक्त दहशत में बदल गया, जब बिंदौली के दौरान अचानक हिंसक झड़प हो गई। रात करीब 9:30 बजे हुई इस घटना में असामाजिक तत्वों द्वारा की गई तलवारबाजी से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें कुछ के सिर तक फट गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भेरू लाल मेघवाल की पुत्री पूजा की बिंदौली पूरे उत्साह के साथ निकाली जा रही थी। माहौल खुशियों से भरा हुआ था, लेकिन अचानक कुछ हमलावरों ने मौके पर पहुंचकर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने न सिर्फ तलवारें लहराईं, बल्कि दुल्हन को घोड़ी से नीचे उतारकर हंगामा खड़ा कर दिया।

हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई लोग खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर पड़े। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि यह हमला विशेष रूप से मेघवाल समाज को निशाना बनाकर किया गया, जिससे समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।

देर रात करीब 12 बजे पीड़ित पक्ष ने संबंधित थाने में पहुंचकर मामला दर्ज कराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post