सीबीएन का बड़ा एक्शन हाईवे पर कंटेनर से 50 क्विंटल डोडाचूरा बरामद आरोपी गिरफ्तार

सीबीएन का बड़ा एक्शन: हाईवे पर कंटेनर से 50 क्विंटल डोडाचूरा बरामद, आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश नीमच। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (CBN) नीमच की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा-भरतपुर हाईवे पर एक टाटा कंटेनर ट्रक से 50 क्विंटल (5096.11 किलोग्राम) से अधिक डोडाचूरा (पॉपी स्ट्रॉ) जब्त किया है। इस कार्रवाई में विभाग ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है।

गुप्त सूचना पर रची गई सटीक रणनीति:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीबीएन नीमच को खुफिया सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर का एक टाटा कंटेनर ट्रक भारी मात्रा में अवैध डोडाचूरा लेकर झारखंड से मारवाड़ की ओर परिवहन कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ाई और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। 29 अप्रैल को जैसे ही संदिग्ध ट्रक भरतपुर के सेवर स्थित कदमकुंज रिसोर्ट के पास पहुंचा, टीम ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया।

252 बोरियों में छिपाकर ले जाया जा रहा था मादक पदार्थ:
तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर 252 बोरियों में कुल 5096.11 किलोग्राम डोडाचूरा भरा हुआ मिला। इतनी बड़ी मात्रा देखकर अधिकारी भी चौंक गए। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने मादक पदार्थ की तस्करी करना स्वीकार किया। इसके बाद सीबीएन ने ट्रक और जब्त सामग्री को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई:
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, इस तस्करी नेटवर्क के अन्य जुड़े लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

सीबीएन विभाग ने स्पष्ट किया है कि “नशा मुक्त भारत” अभियान के तहत इस तरह की कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post