उदयपुर तेज रफ्तार का कहर: डिवाइडर पार कर ट्रक से भिड़ी कार 2 युवक गंभीर घायल

तेज रफ्तार का कहर: डिवाइडर पार कर ट्रक से भिड़ी कार, दो युवक गंभीर घायल
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जिसने एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरे को उजागर कर दिया। गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर खाखड़ी गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी।

हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक सेमटाल निवासी कैलाश नगारची कार के अंदर बुरी तरह फंस गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। वहीं, कार में सवार उदयपुर निवासी सुनील बाण भी घायल हो गया।

दोनों घायलों को तुरंत गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कैलाश की हालत नाजुक देखते हुए उसे उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल रेफर कर दिया। सुनील का उपचार गोगुंदा अस्पताल में जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक सेमटाल से उदयपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ता भटककर खाखड़ी की ओर निकल गए। इसी दौरान तेज रफ्तार के चलते कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का बोनट और ड्राइवर साइड पूरी तरह पिचक गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही गोगुंदा थानाधिकारी श्यामसिंह चारण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू कराया।

यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि तेज रफ्तार और लापरवाही सड़क पर कभी भी जानलेवा साबित हो सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post