निम्बाहेड़ा: जावदा रोड बना ‘मौत का रास्ता’, ताजा हादसे ने उठाए गंभीर सवाल
चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा क्षेत्र के डोरिया चौराहे से जावदा मंगलवाड़ रोड पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक बार फिर इंसानियत को झकझोर दिया। अज्ञात वाहन की टक्कर में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
इस हादसे में सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि महिला के छोटे-छोटे बच्चे भी साथ थे, जो बाल-बाल बच गए। मासूम बच्चों को शायद यह भी नहीं पता कि अब उनकी मां इस दुनिया में नहीं रही। जिस उम्र में उन्हें मां का साया मिलना चाहिए था, उसी उम्र में यह सड़क उनसे उनकी सबसे बड़ी खुशी छीन ले गई।
मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोड की हालत पर उठे सवाल
जावदा-मंगलवाड़ रोड लंबे समय से जर्जर हालत में है, जहां बड़े-बड़े गड्ढे हादसों को न्योता देते हैं।
डोरिया चौराहे पर भी सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और उड़ती धूल साफ बता रही है कि विकास कागजों तक ही सीमित है, धरातल पर हालात बेहद खराब हैं।
लगातार हो रहे बड़े हादसे
डोरिया चौराहा-मंडावली रोड पर हुए हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए थे।
बंबोरी क्षेत्र में दशा माता पूजन के लिए जा रही एक पिकअप भी हादसे का शिकार हुई थी, जिसमें कई लोग और बच्चे घायल हुए थे तथा कई लोगों की मौत भी हुई थी। घायलों का इलाज अब भी जारी है।
शिलान्यास के बावजूद नहीं सुधरे हालात
इस सड़क के निर्माण के लिए करीब दो महीने पहले शिलान्यास किया गया था।
इसके बावजूद सड़क की स्थिति में अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है।
लोगों में आक्रोश, प्रशासन पर गंभीर सवाल
लगातार हादसों के बाद लोगों में भारी नाराजगी है।
सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर लोग सड़क की बदहाली को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
लोगों का कहना है कि टोल देने के बावजूद उन्हें खतरनाक सड़क से गुजरना पड़ रहा है।
सबसे बड़ा सवाल
इतने हादसों के बाद भी क्या हादसे ऐसे ही होते रहेंगे?
क्या लोग अपने अपनों को यूं ही खोते रहेंगे?
प्रशासन आखिर कब जागेगा और कब इस सड़क को सुरक्षित बनाया जाएगा?
यह सड़क अब सिर्फ एक रास्ता नहीं रही, बल्कि हर दिन किसी नई जिंदगी को छीनने वाला ‘मौत का रास्ता’ बन चुकी है।
इस रोड को लेकर आप लोगों की क्या राय है आप लोग हमें कमेंट करके जरूर बताएं
दशरथ सिंह सारंगदेवोत
DS7NEWS NETWORK
Tags
Breaking News