एम्बुलेंस में छिपाकर 04 क्विंटल डोडाचूरा की तस्करी नाकाम: राजस्थान का तस्कर पिस्टल सहित गिरफ्तार, इनोवा कार जप्त
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश मंदसौर जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। श्रीमान पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों के अवैध परिवहन, भंडारण एवं विक्रय पर सख्ती से रोक लगाने के आदेश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ सुश्री हेमलता कुरील एवं एसडीओपी सीतामऊ श्री दिनेश प्रजापति द्वारा कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
दिनांक 30-04-2026 एवं 01-05-2026 की दरम्यानी रात को उनि ओपी राठौर, चौकी प्रभारी साताखेड़ी द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर पंचमुखी बालाजी फैमिली रेस्टॉरेंट के सामने मंदसौर-सीतामऊ रोड पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान हांदडी कच्चे रास्ते से एक इनोवा कार, जो एम्बुलेंस के रूप में उपयोग की जा रही थी, आती दिखाई दी।
पुलिस को देखकर कार चालक एवं उसके साथ बैठा व्यक्ति कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर भागने लगे। भागते समय एक व्यक्ति ने हवाई फायर भी किया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। फायरिंग करने वाले व्यक्ति का पीछा कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रुपाराम पिता कृष्णाराम विश्नोई, उम्र 27 वर्ष, निवासी चालकना थाना सेडवा जिला बाड़मेर (राजस्थान) बताया। फरार आरोपी का नाम अशोक पिता आईजीराम माली निवासी बाड़मेर बताया गया।
रुपाराम विश्नोई की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल, 02 जिंदा राउंड तथा एक चला हुआ राउंड का खोखा बरामद हुआ। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए इनोवा कार (एम्बुलेंस) की तलाशी ली गई, जिसमें कुल 22 कट्टों में भरा लगभग 04 क्विंटल डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 06 लाख रुपये बताई गई। वाहन के अंदर अलग-अलग नंबर की डुप्लिकेट रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट भी पाई गई।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट, 25, 27 आर्म्स एक्ट एवं 125 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। गिरफ्तार आरोपी से डोडाचूरा के स्रोत एवं उसकी खपत के संबंध में पूछताछ जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. रुपाराम पिता कृष्णाराम विश्नोई, उम्र 27 वर्ष, निवासी चालकना थाना सेडवा जिला बाड़मेर, राजस्थान
फरार आरोपी:
1. अशोक पिता आईजीराम माली, निवासी बाड़मेर
जप्त मशरूका:
1. 22 कट्टों में भरा लगभग 04 क्विंटल डोडाचूरा, कीमत लगभग 06 लाख रुपये
2. एक देशी पिस्टल, 02 जिंदा राउंड एवं 01 चला हुआ राउंड का खोखा
3. एक बिना नंबर की इनोवा कार (एम्बुलेंस)
4. एक एंड्रॉइड मोबाइल (कीमत लगभग 10 हजार रुपये) एवं अलग-अलग डुप्लिकेट नंबर की कुल 04 नंबर प्लेट
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सीतामऊ निरीक्षक कमलेश प्रजापति एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा, जिनके सराहनीय कार्य से एक बड़े मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
DS7NEWS NETWORK Madhya Pradesh
Tags
Breaking News