नाकाबंदी में बड़ा खुलासा: रोडवेज बस से 2.66 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

नाकाबंदी में रायला पुलिस की बड़ी कामयाबी: रोडवेज बस से 2.66 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, पैरों में छिपाकर कर रहा था तस्करी
डीएस सेवन न्यूज भीलवाड़ा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत रायला थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 किलो 66 ग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में चल रहे इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य व वृताधिकारी जितेन्द्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी मुलचंद वर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने 30 अप्रैल को रायला थाने के सामने रणनीतिक तरीके से नाकाबंदी कर सघन वाहन चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान भीलवाड़ा से गुलाबपुरा की ओर जा रही रोडवेज बस (RJ 13 PB 0386) को रोककर तलाशी ली गई। चेकिंग के बीच एक संदिग्ध व्यक्ति अचानक बस से उतरकर भागने लगा, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम किशन (32) पुत्र लक्ष्मण बैरवा निवासी तुमड़िया, थाना साडास (चित्तौड़गढ़) बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के दोनों पैरों पर प्लास्टिक की थैलियों में टेप से कसकर बांधकर छिपाई गई अफीम बरामद हुई। आरोपी बेहद चालाकी से तस्करी को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के आगे उसकी एक नहीं चली।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। इस मामले की आगे की जांच गुलाबपुरा थानाधिकारी संजय गुर्जर को सौंपी गई है, जो पूरे नेटवर्क और संभावित अन्य आरोपियों की कड़ियां जोड़ने में जुटे हैं।

इस कार्रवाई में पुलिसकर्मी राकेश भंडारी, दुलीचंद, विक्रम और बनवारीलाल सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त संदेश गया है और अभियान को और तेज करने की तैयारी की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post