50 लाख की MD ड्रग्स और अफीम बरामद, पानी की मोटर में छुपाकर कर रहा था तस्करी 1 आरोपी गिरफ्तार

50 लाख की MD ड्रग्स और अफीम बरामद, पानी की मोटर में छुपाकर कर रहा था तस्करी, इमरान पठान गिरफ्तार

डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश मंदसौर शहर कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर 51 लाख 72 हजार रुपये से अधिक का मादक पदार्थ और वाहन जब्त किया है। आरोपी पानी की विद्युत मोटर की बॉडी में एमडी ड्रग्स और अफीम छुपाकर तस्करी करने की फिराक में था, ताकि पुलिस और आम लोगों को शक न हो सके।
पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. सिंह बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह भास्कर और थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में शहर कोतवाली पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक स्कूटी से मंदसौर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई करने आने वाला है। सूचना में बताया गया था कि आरोपी ने चालाकी से पानी की विद्युत मोटर की बॉडी के अंदर मादक पदार्थ छुपा रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इमरान पिता मीरगुल उर्फ बंटी पठान निवासी दावतखेड़ी, मंदसौर बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स, 500 ग्राम अफीम, एक स्कूटी, मोबाइल और विद्युत मशीन बरामद की गई। जब्त एमडी ड्रग्स की कीमत करीब 50 लाख रुपये और अफीम की कीमत लगभग 1 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18, 22 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने मंदसौर शहर के कई अन्य लोगों के भी इस तस्करी नेटवर्क में शामिल होने की जानकारी दी है, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post