निबाहेड़ा प्याज की बोरियों में छिपाकर ले जाया जा रहा था 33 किलो डोडा चूरा, पुलिस ने ट्रक समेत 2 तस्करों को दबोचा

बड़ी कार्रवाई: प्याज की बोरियों में छिपाकर ले जाया जा रहा था 33 किलो डोडा चूरा, पुलिस ने ट्रक समेत 2 तस्करों को दबोचा

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा सदर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को भी जब्त कर लिया है, जबकि पंजाब निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई उदयपुर रेंज में चलाए जा रहे “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन और चित्तौड़गढ़ पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह और उप पुलिस अधीक्षक बद्रीलाल राय के सुपरविजन में सदर निम्बाहेड़ा थाना प्रभारी संजय शर्मा के नेतृत्व में टीम ने हाईवे पर नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान नीमच की ओर से आ रहे गंगानगर पासिंग टाटा ट्रक को रुकवाने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने ट्रक भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी लेने पर ट्रक में प्याज की बोरियों के पीछे छिपाकर रखे गए दो प्लास्टिक कट्टों से 33 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी लखबीर सिंह और तरणतारण निवासी परबजीत सिंह के रूप में हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय हैं और पहले भी मध्यप्रदेश से पंजाब तक नशे की खेप पहुंचा चुके हैं।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और सिंडिकेट का पता लगाने के लिए आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।

कार्रवाई करने वाली टीम

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सुरेश पालिवाल, सहायक उप निरीक्षक सुन्दरपाल, कांस्टेबल जीवनलाल, श्यामलाल, दयाराम, ओपी लालराम और चालक सुरेश शर्मा की अहम भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post