ऑपरेशन त्रिनेत्र में बड़ी कामयाबी: 200 किलो से ज्यादा डोडाचूरा के साथ क्रेटा जब्त, हरियाणा के दो युवक पकड़े
डीएस सेवन न्यूज Chittorgarh जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत बस्सी थाना पुलिस ने अहम सफलता हासिल की है। नशे के नेटवर्क पर चोट करते हुए पुलिस ने एक क्रेटा कार से दो क्विंटल से अधिक डोडाचूरा बरामद किया और हरियाणा के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के अंतर्गत की गई, जिसका उद्देश्य जिले में मादक पदार्थों के भंडारण और परिवहन पर सख्ती से रोक लगाना है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि यह कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देशन में योजनाबद्ध तरीके से की गई। रविवार देर रात बस्सी थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध क्रेटा वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर कार में रखे 10 कट्टों से कुल 200 किलो 820 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही वाहन को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के रोहतक जिले के फरमाना खास निवासी 24 वर्षीय मोहित जाट और पानीपत जिले के पुठर निवासी 25 वर्षीय शमशेर जाट के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों के अंतर्राज्य स्तर पर सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस बरामदगी से जिले में सक्रिय अवैध नशा तस्करी की कड़ियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।