शिक्षा मंत्री के आदेश पर स्कूलों में शराब, गुटखा, नशा करने वाले शिक्षकों की तैयार हो रही “कुंडली”।

स्कूलों में नशे पर सख्ती: शिक्षकों की “कुंडली” तैयार करने के आदेश, विभाग एक्शन मोड में
डीएस सेवन न्यूज जयपुर राजस्थान के शिक्षा विभाग ने स्कूलों में अनुशासन और स्वच्छ माहौल बनाए रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने उन शिक्षकों और कर्मचारियों पर सख्त नजर रखने के निर्देश दिए हैं, जो स्कूल समय में शराब, गुटखा, तंबाकू या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते पाए जाते हैं। इस संबंध में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक, बीकानेर ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि ऐसे कार्मिकों की विस्तृत जानकारी तय प्रारूप में जल्द भेजी जाए।

विभाग को लगातार मिल रही शिकायतों में सामने आया था कि कुछ कर्मचारी विद्यालय परिसर में नशा करते हैं, जिससे शिक्षा का वातावरण प्रभावित होता है और विद्यार्थियों पर भी इसका गलत प्रभाव पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए अब हर जिले में ऐसे मामलों की सूची तैयार की जा रही है।

जारी आदेश के अनुसार, प्रत्येक जिला शिक्षा अधिकारी अपने क्षेत्र के स्कूलों और कार्यालयों से ऐसे कर्मचारियों का पूरा ब्यौरा एकत्र करेंगे। इस सूची में कर्मचारी का नाम, आईडी, पदस्थापन स्थान, नशे का प्रकार और अब तक की गई कार्रवाई का पूरा विवरण शामिल करना अनिवार्य किया गया है।

विभाग के इस कदम को शिक्षा व्यवस्था में सुधार और विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई के बाद स्कूलों में अनुशासन और जिम्मेदारी का स्तर और मजबूत होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post