उदयपुर लोयरा की फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग, 4 फायर ब्रिगेड जुटीं धुएं का गुबार 3 किमी तक फैला

लोयरा की फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग, 4 फायर ब्रिगेड जुटीं – धुएं का गुबार 3 किमी तक फैला
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर शहर के समीप लोयरा गांव में मंगलवार सुबह एक फर्नीचर फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री के पिछले हिस्से में रखे वेस्ट मटेरियल को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में आसमान में काले धुएं का गुबार उठने लगा, जो करीब 2 से 3 किलोमीटर दूर तक साफ दिखाई दे रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की 4 फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं। हालांकि तेज हवा के कारण आग और भड़कती रही, जिससे दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। आग लगने का समय सुबह करीब 11 बजे बताया जा रहा है और पिछले डेढ़ घंटे से लगातार बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।

फैक्ट्री के बाहर “श्रुति सिंथेटिक फैक्ट्री” का बोर्ड लगा हुआ है, जिससे इसकी पहचान की जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है।

Post a Comment

Previous Post Next Post