रतिया में नशा तस्करी पर बड़ा प्रहार: 1 पुरुष व 1 महिला आरोपी गिरफ्तार, 2.625 किलो अफीम व 4.370 किलो डोडा चूरा बरामद

रतिया में नशा तस्करी पर बड़ा प्रहार: अफीम व चूरा पोस्त के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज रतिया, 28 अप्रैल। सीआईए रतिया पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अफीम और चूरा पोस्त सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल 2 किलो 625 ग्राम अफीम और 4 किलो 370 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है। दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

सीआईए रतिया प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान सरदूलगढ़ कैंची के पास मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति और एक महिला कमाना मोड़ पर नशीला पदार्थ लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को काबू किया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान राजकुमार उर्फ राजू निवासी रतिया और महिला आरोपी अमनदीप कौर उर्फ अन्नु निवासी पंजाब के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के पिट्ठू बैग से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही सभी बरामद सामग्री को सील कर अपने कब्जे में ले लिया।

इस मामले में थाना शहर रतिया में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 18(B), 15(B), 61 और 85 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की जांच में जुटी हुई है और नशा तस्करी के नेटवर्क को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post