खाटू श्यामजी के दर्शन को निकले श्रद्धालुओं की कार को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, छह घायल, एक की हालत गंभीर
(DS7 News Network)
डीएस 7 न्यूज़ छोटीसादड़ी रामदेवजी मंदिर के पास नेशनल हाईवे-56 पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए निकले बांसवाड़ा जिले के छह श्रद्धालु उस समय घायल हो गए जब उनकी कार को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने लापरवाही से ओवरटेक करते हुए जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पलटी खा गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना सुबह करीब 3:30 बजे की है। कार में सवार सभी श्रद्धालु बांसवाड़ा जिले के गढ़ी प्रतापपुरा थाना क्षेत्र के सागवाड़िया गांव के निवासी हैं। घायलों में रमेशचंद्र पाटीदार, उनकी पत्नी माया पाटीदार, बेटी प्रिया पाटीदार, पायल पुत्री दयालाल, ललित पाटीदार और उनकी पत्नी दुर्गा पाटीदार शामिल हैं।
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को छोटीसादड़ी के जयचंद मोहिल उप जिला चिकित्सालय लाया गया। इनमें दुर्गा पाटीदार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।
ट्रैक्टर चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश
एएसआई शिवराम गुर्जर ने बताया कि ट्रैक्टर चालक तेज रफ्तार में लापरवाही से ओवरटेक करते हुए कार से टकराया और हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। कार मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सड़क पर बिखरे हादसे के निशान
हादसे में कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवा कर यातायात सुचारु किया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
- DS7 News Network
Tags
Breaking News