290 किलो डोडा चूरा का बड़ा जखीरा पकड़ा, तुर्किया खुर्द में सीबीएन की दबिश; एक तस्कर गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) चित्तौड़गढ़-II डिवीजन की टीम ने कपासन क्षेत्र के तुर्किया खुर्द गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बाड़े से 290 किलो 440 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार सीबीएन अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव का एक व्यक्ति बिना वैध अफीम लाइसेंस के अपने बाड़े में भारी मात्रा में डोडा चूरा छिपाकर रखे हुए है और इसे तस्करों तक पहुंचाने का काम कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीबीएन चित्तौड़गढ़-II डिवीजन ने विशेष टीम गठित कर शुक्रवार सुबह तुर्किया खुर्द गांव में दबिश दी।
टीम ने संदिग्ध बाड़े की घेराबंदी कर तलाशी ली तो गेहूं की भूसी की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे गए 15 कट्टों में भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा मिला। अधिकारियों ने मौके पर कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए कुल 290.440 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। सीबीएन अब इस मामले में जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई है।
Tags
Breaking News