दो अलग-अलग कार्रवाइयों में एमडीएमए पाउडर, गांजा व कार जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 13 जून। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मंगलवाड़ एवं निकुम्भ थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई की है। मंगलवाड़ थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 2.50 ग्राम एमडीएमए पाउडर बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए तस्करी में प्रयुक्त कार जब्त की, वहीं निकुम्भ थाना पुलिस ने डीएसटी की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 1 किलो 45 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज, उदयपुर श्री गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के भंडारण एवं परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध चलाए जा रहे हैं ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत एएसपी मुकुल शर्मा एवं डीएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में थाना मंगलवाड़ एवं थाना निकुम्भ पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई।
थाना मंगलवाड़ की कार्रवाई
मंगलवाड़ थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक बेलेनो कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें से 2.50 ग्राम अवैध एमडीएमए पाउडर बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी पवन पिता डालचंद अहीर निवासी रावतपुरा, थाना मंगलवाड़ को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त बेलेनो कार को जब्त किया। जांच में कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मादक पदार्थ परिवहन करना पाया गया।
थाना निकुम्भ की कार्रवाई
डीएसटी टीम की सूचना पर निकुम्भ थाना पुलिस ने कस्बा निकुम्भ की नई आबादी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी हीरालाल पिता मोहनलाल मेनारिया निवासी निकुम्भ के कब्जे से 1 किलो 45 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
जिला पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यदि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तुरंत निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचित करें।
Tags
Breaking News