चित्तौड़गढ़ जिलेभर में लगे सेवा शिविर, 130 पट्टे वितरित; वर्षों पुराने विवाद और लंबित मामलों का हुआ निस्तारण

चित्तौड़गढ़, 16 जून। राज्य सरकार द्वारा आमजन को राहत पहुंचाने एवं जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से संचालित शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों के तहत सोमवार को नगर परिषद परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर में क्षेत्रीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं जिला अध्यक्ष रतनलाल गाड़री ने पहुंचकर शिविर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।

इस अवसर पर विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे तथा आमजन को सरकारी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने कहा कि सेवा शिविर आमजन को राहत देने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं, जहां वर्षों से लंबित कार्यों का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। सरकार विभिन्न योजनाओं में राहत एवं छूट प्रदान कर आमजन को सीधा लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने आमजन से अधिकाधिक संख्या में शिविरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

विधायक आक्या ने नगर परिषद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शहर में सड़क, बिजली, पेयजल, नाला एवं नालियों की सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए शहर के सभी नालों एवं नालियों की नियमित सफाई करवाई जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने कहा कि नगर परिषद शहर की मूलभूत सुविधाओं को लेकर किसी प्रकार की कमी नहीं रखे तथा आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि शिविरों के दौरान शहरी क्षेत्र में भूमि एवं आवास संबंधी लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है तथा नागरिकों को वित्तीय राहत भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने आमजन से राज्य सरकार द्वारा दी जा रही इस राहत का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई तक प्राप्त आवेदन पत्रों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा तथा यदि कोई आवेदन शेष रह जाता है तो फॉलोअप शिविर आयोजित कर राहत प्रदान की जाएगी।

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित ये शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण का प्रभावी मंच हैं और सभी अधिकारी पूर्ण गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों से प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
शिविर के दौरान नगर परिषद एवं यूआईटी द्वारा अब तक कुल 130 पट्टों का वितरण किया जा चुका है, जिससे बड़ी संख्या में नागरिकों को राहत मिली है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही आवेदन एवं निस्तारण की कार्यवाही भी की गई।

जिला अध्यक्ष रतनलाल गाड़री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों एवं सेवा शिविरों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार आमजन के हित में निरंतर कार्य कर रही है तथा शिविरों के माध्यम से लोगों को राहत पहुंचाई जा रही है।
इसी क्रम में जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में भी ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए गए, जहां आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं का मौके पर समाधान कर राहत प्रदान की गई। चित्तौड़गढ़ उपखंड की गिलूंड ग्राम पंचायत में आर्थिक रूप से कमजोर छात्र ओमप्रकाश तेली की पालनहार योजना पुनः शुरू करवाने के साथ जनआधार कार्ड में सुधार करवाया गया। गंगरार की कुंवालिया ग्राम पंचायत में पारसमल एवं उदयलाल सुथार के बीच करीब एक वर्ष से चल रहे भूमि विवाद का मौके पर समाधान किया गया, जिससे किसानों को खेती कार्य में राहत मिली।

कपासन की सुरपुर, भूपालसागर की कानाखेड़ा, राशमी की पहुंना, बेगूं की बरनियास एवं मोतीपुरा, रावतभाटा की बरकुंडी कला, निम्बाहेड़ा की बरड़ा एवं गादोला, भदेसर की गरदाना एवं पोटलाकलां, बड़ीसादड़ी की पंडेड़ा तथा डूंगला की बिलोदा ग्राम पंचायतों में भी शिविरों के दौरान अनेक प्रकरणों का हाथोंहाथ निस्तारण किया गया।

रावतभाटा क्षेत्र में चैनराम पिता नारायण लाल गुर्जर की सात माह से बंद पेंशन पुनः शुरू करवाई गई। निम्बाहेड़ा क्षेत्र में जिला अध्यक्ष रतनलाल गाड़री एवं उपखंड अधिकारी रजनी मीणा की उपस्थिति में राजू नंदलाल सोहनी, रतनलाल किर, गट्टू सिंह तथा किशनलाल जाट सहित कई परिवारों को पुश्तैनी पट्टे एवं बंटवारे संबंधी राहत प्रदान की गई। इसी प्रकार सीताबाई को पाइपलाइन योजना की स्वीकृति दी गई।
बड़ीसादड़ी क्षेत्र में हुक्मीचंद को 25 वर्षों बाद आशियाने का अधिकार मिला, जबकि देवीलाल पुत्र रोड़ीलाल की कृषि भूमि संबंधी समस्या का मौके पर समाधान किया गया। डूंगला क्षेत्र की बिलोदा ग्राम पंचायत में वर्षों पुराने राजस्व प्रकरण का समाधान कर खातेदार नारायण लाल एवं शंकर लाल जणवा को राहत प्रदान की गई।

आज जिले में विभिन्न शहरी क्षेत्रों में भी सेवा शिविर आयोजित किए गए। नगर परिषद निम्बाहेड़ा के वार्ड संख्या 6 एवं 7, नगर पालिका बड़ीसादड़ी के वार्ड संख्या 3, नगर पालिका कपासन के वार्ड संख्या 4, नगर पालिका रावतभाटा के वार्ड संख्या 1, 2, 3, 39 एवं 40, नगर पालिका बेगूं के वार्ड संख्या 2 एवं 4 तथा नगर पालिका आकोला के वार्ड संख्या 3 में शिविर आयोजित कर आमजन को विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में प्रशासक कैलाश चंद्र गुर्जर, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव, यूआईटी से अंशुल आमेरिया, जिला महामंत्री रघु शर्मा, पूर्व यूआईटी शिविर प्रभारी अभिषेक शर्मा, पूर्व चेयरमैन सुरेश चंद्र झंवर, कर्नल सिंह राठौड़, नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी, जनकल्याण शिविर उपखंड संयोजक एडवोकेट ओमप्रकाश शर्मा, पूर्व सभापति भरत जागेटिया, शैलेंद्र झंवर, भोलाराम प्रजापत, प्रभारी रामगोपाल ओझा, नवीन पटवारी, कमलेश आमेरिया, गोपाल जाजू, दीपक शर्मा, सुधीर जैन, राजन माली, रामचंद्र माली, विनीत तिवारी, अविनाश शर्मा, राजेश मोची, नीरज सुखवाल, राजकुमार तोलंबिया, दीपक वर्मा, बहादुर बेरवा, दिनेश गवारिया सहित जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post