निंबाहेड़ा CBN अधिकारियों पर मारपीट, अवैध वसूली और झूठे अफीम प्रकरण में फंसाने के आरोप, मामला दर्ज

डीएस सेवन न्यूज निंबाहेड़ा। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) नीमच और कोटा के कुछ अधिकारियों के खिलाफ मारपीट, अवैध वसूली, धमकी देने तथा झूठे अफीम प्रकरण में फंसाने के आरोपों को लेकर मामला दर्ज किया गया है। बाड़ी निवासी युधिष्ठिर धोबी की परिवाद पर न्यायालय के निर्देश के बाद सदर थाना निंबाहेड़ा में प्रकरण दर्ज कर जांच निंबाहेड़ा पुलिस उपाधीक्षक को सौंपी गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित अधिकारियों ने पवन, आरिफ और विक्रम आंजना के साथ दुर्व्यवहार किया, उनसे धन वसूला तथा बाद में अफीम रखकर झूठे मामले में फंसा दिया। परिवादी ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और जीपीएस लोकेशन की जांच कराने की मांग की है।


पिस्टल लगाकर अफीम केस में फंसाने का आरोप: रिपोर्ट में बताया कि गत 15 जनवरी को CBN कोटा के उप निरीक्षक ज्ञान सिंह, निरीक्षक ललित कुमार झा व हवलदार एम. योगेश सफेद गाड़ी से बाड़ी चौराहे पर आए. यहां प्रार्थी के भाई पवन व आरिफ को शनि महाराज के दर्शन करवाने के बहाने गाड़ी में बैठाया. गांव से बाहर निकलते ही पिस्टल लगाकर गोली मारने की धमकी देकर चुप करा दिया. मारपीट कर अवैध रूप से राशि मांगी. गालियां देते हुए कहा कि नारकोटिक्स के खिलाफ रिपोर्ट करते हो, जिंदगी खराब कर देंगे. जेल में सड़वाएंगे. आरोप है कि अधिकारियों ने अपने साथ लाई अफीम जबरन देकर FIR संख्या 02/2026 CBN कोटा में झूठा केस दर्ज कर 16 जनवरी को दोनों को जेल भेज दिया.

मुकदमा दर्ज कर हो कार्रवाई रिपोर्ट में बाड़ी चौराहे व हाइवे की सीसीटीवी फुटेज, CDR व GPS लोकेशन निकलवाने की मांग की गई है. दोषी अधिकारियों पर मारपीट, अवैध वसूली, धमकी व झूठे साक्ष्य गढ़ने की धाराओं में कार्रवाई और पवन व आरिफ को झूठे केस से राहत दिलाने की अपील की गई है. पुलिस उप अधीक्षक ने बताया कि सदर थाने पर दर्ज प्रकरण की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post