डीएस सेवन न्यूज रतलाम। वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रतलाम पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना माणकचौक पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी की गई हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को मात्र 24 घंटे के भीतर बरामद करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार नेमीनाथ नगर निवासी आनंद खंडेलवाल ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 जून 2026 को वह अपनी लाल रंग की हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक MP43DW8883) से ईदगाह रोड स्थित अपनी कोयले की दुकान पर पहुंचे थे। दोपहर में दुकान के बाहर खड़ी की गई बाइक शाम को मौके से गायब मिली। काफी तलाश के बावजूद वाहन का पता नहीं चलने पर उन्होंने थाना माणकचौक में रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सहायता के माध्यम से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने ईदगाह रोड स्थित दुकान के सामने से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर विधिवत जब्त कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेन्द्र दुगांणी (36) निवासी स्टेशन रोड थाना क्षेत्र, रतलाम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 30 हजार रुपये मूल्य की हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, एएसआई आशीष मांगरिया, प्रधान आरक्षक विकास बौरासी, आरक्षक हेमन्त यादव, अशरफ खान, हेमराज, अविनाश मिश्रा तथा साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रतलाम पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के प्रयासों को मजबूती मिली है तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है।
Tags
Breaking News