6 दिन में पुलिस का बड़ा खुलासा: चोरी का ट्रैक्टर बरामद, आरोपी गिरफ्तार, साथी की तलाश जारी

डीएस सेवन न्यूज नीमच मनासा। संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनासा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। चौकी कंजार्डा पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई घटना के महज छह दिनों के भीतर पूरी कर ली, जबकि मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार 27-28 मई 2026 की रात अज्ञात बदमाशों ने फरियादी का लाल रंग का मैसी फर्गुसन 1035 ट्रैक्टर चोरी कर लिया था। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

जांच के दौरान मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर चौकड़ी निवासी 21 वर्षीय अजय धाकड़ को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मनीष प्रजापत के साथ मिलकर ट्रैक्टर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त एक एक्सट्रीम मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये है। इस प्रकार कुल 9.50 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद करने में पुलिस को सफलता मिली है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश अवस्थी, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक श्याम कुमावत, एएसआई पन्नालाल चौहान, जिला साइबर टीम के प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post