डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ बड़ीसादड़ी। बड़ीसादड़ी क्षेत्र में कथित रूप से हिंदुस्तान जिंक द्वारा डाले गए अपशिष्ट पदार्थों को हटाने की मांग को लेकर चल रहे जहर मुक्त बड़ीसादड़ी आंदोलन को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में रविवार को श्री सिद्ध पंचमुखी बालाजी सेवा संस्थान की 233वीं रामधुन धरना स्थल पर पहुंची और संघर्ष समिति को अपना समर्थन दिया।
श्री सिद्ध पंचमुखी बालाजी सेवा संस्थान समाज में सेवा, संस्कार, समरसता एवं जनजागरण के उद्देश्य से कार्यरत है। संस्थान ने वर्तमान में बड़ीसादड़ी के सामने खड़े पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर चिंता व्यक्त करते हुए संघर्ष समिति के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
संस्थान से जुड़े वरिष्ठ नागरिकों ने भी इस विषय को गंभीर बताते हुए धरना स्थल पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। रविवार को रामधुन के भक्तजनों और संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से विजय मंत्र एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया तथा क्षेत्र के पर्यावरण संरक्षण के लिए एकजुटता का संदेश दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह केवल एक संगठन या समिति का विषय नहीं, बल्कि पूरे बड़ीसादड़ी क्षेत्र के नागरिकों के स्वास्थ्य और भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने आह्वान किया कि नगर के सभी वर्गों को एक मंच पर आकर संगठित शक्ति का परिचय देना चाहिए।
वक्ताओं ने मांग रखी कि बरसात शुरू होने से पहले जहरीले मलबे को तत्काल प्रभाव से क्षेत्र से हटाया जाए, ताकि पर्यावरण और आमजन के स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। साथ ही प्रशासन से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इस विषय में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई करने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम के अंत में जहर मुक्त बड़ीसादड़ी संघर्ष समिति की ओर से रामधुन में शामिल सभी भक्तजनों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।
Tags
Breaking News