डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 07 जून। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन त्रिनेत्र" के तहत पुलिस लगातार बड़ी कार्रवाई कर रही है। पारसोली और निकुंभ थाना पुलिस द्वारा करोड़ों रुपये की अवैध संपत्तियां फ्रीज कराए जाने के बाद अब बेगूं थाना पुलिस ने भी एक मादक पदार्थ तस्कर की करीब 50 लाख रुपये मूल्य की चल एवं अचल संपत्ति को फ्रीज कराने में सफलता हासिल की है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार जिलेभर में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भगवत सिंह हिंगड़ के निर्देशन तथा डीएसपी बेगूं अंजली सिंह के सुपरविजन में बेगूं थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस जांच में सामने आया कि बालकिशन पुत्र कन्हैयालाल धाकड़ निवासी रामपुरिया, थाना बेगूं के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत राजस्थान और हरियाणा में प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी की आर्थिक गतिविधियों और संपत्तियों की जांच के दौरान यह पाया गया कि उसने अवैध मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित धन से संपत्तियां बनाई थीं।
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के नाम पर दर्ज ग्राम रामपुरिया स्थित खसरा नंबर 669 में बने मकान तथा एक ट्रैक्टर को अवैध आय से अर्जित संपत्ति मानते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 68(एफ)(1) के तहत फ्रीज कराने का प्रस्ताव 6 मई 2026 को दिल्ली स्थित कॉम्पिटेंट अथॉरिटी एडमिनिस्ट्रेटर SAFEMA (FOPA) एवं NDPS Act को भेजा था।
सुनवाई के बाद सक्षम प्राधिकारी द्वारा आरोपी बालकिशन धाकड़ की उक्त संपत्तियों को फ्रीज करने का स्थायी अनुमोदन आदेश जारी किया गया। आदेश मिलने के बाद बेगूं थाना पुलिस ने मकान और ट्रैक्टर को विधिवत फ्रीज कर दिया। इन दोनों संपत्तियों का अनुमानित मूल्य करीब 50 लाख रुपये बताया गया है।
कार्रवाई में बेगूं थानाधिकारी कमलचंद मीणा के नेतृत्व में एएसआई हीरालाल, गीतालाल, हेड कांस्टेबल भगवानलाल तथा कांस्टेबल कमलेश, अंकित, कलीराम, ईश्वर, पिंटूराम, सुमेर, भागीरथ एवं महिला कांस्टेबल किरण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत निकटतम पुलिस थाने, कंट्रोल रूम अथवा नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
Tags
Breaking News