ब्याज माफियाओं एवं अवैध वसूली करने वालों के विरुद्ध पुलिस होगी सख्त।
चित्तौड़गढ़, 04.06.2026 बिना वैध लाइसेंस के अत्यधिक ब्याज पर धन उधार देना, उधारकर्ताओं को डरा-धमकाकर, मानसिक प्रताड़ना देकर अथवा दबाव बनाकर जबरन वसूली करना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में ब्याज माफियाओं एवं अवैध रूप से ऋण वसूली करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति ऋण के नाम पर अनुचित ब्याज वसूल रहा है, धमकी दे रहा है, संपत्ति हड़पने का प्रयास कर रहा है अथवा किसी प्रकार की जबरदस्ती कर रहा है, तो पीड़ित व्यक्ति अथवा उसके परिजन तत्काल पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने कहा कि आमजन भयमुक्त होकर अपनी शिकायत संबंधित थाना, पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 7300453344 अथवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज करा सकते हैं। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून को अपने हाथ में लेने वाले, अवैध रूप से ब्याज का कारोबार करने वाले तथा लोगों का आर्थिक एवं मानसिक शोषण करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन के हितों की रक्षा के लिए पुलिस पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
Tags
Breaking News