डीएस सेवन न्यूज बांसवाड़ा। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती बांसवाड़ा जिले में श्रद्धा, उत्साह और गौरव के साथ मनाई जा रही है। जयंती समारोह के तहत बड़ी संख्या में क्षत्रिय समाजजन गांधी मूर्ति स्थित राजपूत छात्रावास परिसर में एकत्रित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व राजपरिवार के महारावल द्वारा महात्मा गांधी एवं पूर्वज जगमाल सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर किया गया।
इसके पश्चात राजपूत छात्रावास भवन से महाराणा प्रताप जयंती की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महाराणा प्रताप के जयघोषों और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।
शोभायात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए प्रताप सर्किल पहुंचेगी, जहां महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद प्रताप सर्किल के निकट आयोजित धर्मसभा में विभिन्न वक्ता महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों पर प्रकाश डालेंगे।
कार्यक्रम में रविंद्र सिंह भाटी तथा अशोक सिंह मेंतवाला सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। जयंती समारोह के माध्यम से महाराणा प्रताप के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया जाएगा।
Tags
Breaking News