डीएस सेवन न्यूज पिपलियामंडी। पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के ग्राम उजागरिया में भाजपा नेता संजय चुण्डावत की पत्नी वर्षा चुण्डावत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतका के मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पति संजय चुण्डावत के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम वर्षा चुण्डावत ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। घटना के बाद पति संजय चुण्डावत उन्हें उपचार के लिए पहले पिपलियामंडी और बाद में मंदसौर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामले में उस समय विवाद खड़ा हो गया जब मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि वर्षा की मौत के बाद शव को बिना पोस्टमार्टम कराए उनके पैतृक गांव किटयानी ले जाया गया। सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग रतलाम से मंदसौर पहुंचे और उन्होंने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। इसके बाद परिजन वायडी नगर थाना पहुंचे और निष्पक्ष जांच के साथ चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को जिला अस्पताल भिजवाया।
मृतका के चचेरे भाई जितेन्द्रसिंह राठौर ने बताया कि वर्षा की शादी वर्ष 2013 में संजय चुण्डावत के साथ हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं। परिजनों का आरोप है कि संजय चुण्डावत लंबे समय से पत्नी के साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिवार का कहना है कि वर्षा कई बार अपनी पीड़ा माता-पिता को बता चुकी थी, लेकिन सामाजिक कारणों से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।
परिजनों के अनुसार घटना वाले दिन पहले संजय चुण्डावत ने फोन कर बताया कि वर्षा की तबीयत बिगड़ गई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में ससुराल पक्ष की ओर से जहर खाने की बात कही गई। जब परिजन मंदसौर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि शव को बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले जाया जा चुका है।
मामले में एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया है। आत्महत्या से एक दिन पहले वर्षा चुण्डावत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा की थी, जिसमें लिखा था, "रब जो चाहे वही होना, फिर क्यों फिक्रों में दिल खोना है।" पुलिस इस पोस्ट को भी जांच के दायरे में लेकर तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
वर्षा चुण्डावत सामाजिक कार्यों के लिए भी जानी जाती थीं। वह ग्राम पंचायत में महिला पंच रह चुकी थीं तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कपड़े की थैलियां बनाने का प्रशिक्षण देती थीं। उनके इस कार्य के लिए अगस्त 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा सम्मानित किया गया था। वर्तमान में वह मंदसौर में बच्चों को अंग्रेजी कोचिंग भी पढ़ा रही थीं।
पिपलियामंडी थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने ने बताया कि मृतका के भाई की रिपोर्ट पर संजय चुण्डावत के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Breaking News