महाराष्ट्र के नागपुर में भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी की 24 वर्षीय पत्नी ने एक मौलाना समेत तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया गया, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला गया।
पुलिस के अनुसार, महिला की शिकायत पर सोनेगांव थाने में FIR दर्ज की गई है। मामले में अय्याज ताज मदारे और अमीन शेख नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी हजरत मौलाना फरार है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया क्षेत्र में भेजी गई है।
शिकायत के मुताबिक, महिला और मुख्य आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और बचपन से एक-दूसरे को जानते थे। वर्ष 2024 में महिला की शादी होने के बाद दोनों की कथित तौर पर इंस्टाग्राम के जरिए फिर से बातचीत शुरू हुई।
महिला का आरोप है कि फरवरी 2025 में आरोपी ने प्रॉपर्टी डील के बहाने उसे नागपुर के एक होटल में बुलाया। वहां जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। महिला का दावा है कि आरोपी ने इस दौरान वीडियो और तस्वीरें भी बनाई, जिनका बाद में ब्लैकमेल करने के लिए इस्तेमाल किया गया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उस पर धर्म परिवर्तन करने और मुख्य आरोपी से शादी करने का दबाव बनाया गया।
पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है और मोबाइल फोन समेत डिजिटल साक्ष्य जब्त कर उनकी जांच की जा रही है।
नागपुर पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
Tags
Breaking News