डीएस सेवन न्यूज नीमच। महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रामपुरा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नाबालिग बालिका के अपहरण एवं दुष्कर्म मामले में करीब एक वर्ष से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साइबर सेल की तकनीकी सहायता और पुलिस की सतत निगरानी के चलते आरोपी आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता उपाध्याय तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस निकिता सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी विपिन मसीह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मामले में 16 जून 2025 को एक फरियादी ने रामपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री अचानक घर से लापता हो गई है। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया था। बालिका के बयान एवं एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। घटना के बाद से आरोपी शंकर पिता रोडीलाल बंजारा निवासी दरयापुर, थाना मनासा लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए स्थान बदल रहा था।
रामपुरा थाना पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी। इसी बीच साइबर सेल की सहायता से आरोपी की गतिविधियों और लोकेशन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला एवं बाल अपराधों में शामिल फरार आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई रामपुरा थाना पुलिस एवं साइबर सेल के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है, जिससे लंबे समय से फरार आरोपी को न्याय के दायरे में लाया जा सका।
Tags
Breaking News