चित्तौड़गढ़ डिंपल खत्री हत्याकांड पर फूटा आक्रोश, चित्तौड़गढ़ जीनगर समाज ने उठाई न्याय की आवाज

मोहाली हत्याकांड पर उबाल: डिंपल खत्री को न्याय दिलाने की मांग, चित्तौड़गढ़ जीनगर समाज ने राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। पंजाब के मोहाली में हुई युवती डिंपल खत्री की हत्या के मामले को लेकर चित्तौड़गढ़ में जीनगर समाज ने गहरा रोष व्यक्त किया है। समाज के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचंद्र खटीक को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

जीनगर समाज के अध्यक्ष राजेश जीनगर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि मोहाली स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत 29 वर्षीय डिंपल खत्री की 4 जून 2026 को कथित रूप से उनके सहकर्मी द्वारा धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। इस घटना ने समाज के लोगों को स्तब्ध कर दिया है और पूरे समुदाय में आक्रोश का माहौल है।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि डिंपल खत्री अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित थीं और अपने परिवार की महत्वपूर्ण सदस्य थीं। उनके असामयिक निधन से परिवार को न केवल भावनात्मक आघात पहुंचा है, बल्कि आर्थिक और सामाजिक संकट भी गहरा गया है। परिवार पारंपरिक पंजाबी जुत्ती निर्माण कार्य से जुड़ा हुआ है और वर्तमान में कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा है।

ज्ञापन में मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित सुनवाई कर दोषी को कठोरतम दंड दिया जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देकर उनके भविष्य को सुरक्षित किया जाए।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसी घटनाएं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि इस मामले में संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाया जाए।

इस दौरान संरक्षक छगनलाल जीनगर, सचिव नवरतन जीनगर, कोषाध्यक्ष अंबालाल चितारा सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, वरिष्ठजन एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। ज्ञापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए और एक स्वर में डिंपल खत्री को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

Post a Comment

Previous Post Next Post