चित्तौड़गढ़ हाईवे पर अवैध पार्किंग के विरुद्ध यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई 15 दिनों में 62 ट्रकों पर प्रवर्तन कार्रवाई

हाईवे पर अवैध पार्किंग पर ट्रैफिक पुलिस सख्त, 15 दिनों में 62 ट्रकों पर हुई कार्रवाई

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 16 जुलाई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारू और दुर्घटनारहित बनाए रखने के उद्देश्य से जिला यातायात पुलिस द्वारा नियमित गश्त के साथ विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत हाईवे पर नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पिछले 15 दिनों के दौरान अवैध रूप से खड़े मिले 62 ट्रकों पर मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस उप अधीक्षक (यातायात) भूराराम खिलेरी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित कई ट्रांसपोर्ट कार्यालयों पर बिल, बिल्टी, भुगतान और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं के लिए आने वाले ट्रक चालक सुविधा के अभाव या जल्दबाजी में अपने वाहनों को सड़क किनारे अथवा नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़ा कर देते हैं। ऐसे में यातायात की गति प्रभावित होती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। इसके अलावा अन्य वाहन चालकों को भी आवागमन के दौरान अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित कराने के लिए जिला यातायात पुलिस लगातार हाईवे पर गश्त कर रही है। जिन स्थानों पर अवैध पार्किंग की समस्या अधिक रहती है, उन्हें चिन्हित कर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मौके पर ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है, ताकि हाईवे पर यातायात व्यवस्था बाधित न हो और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

पिछले 15 दिनों के विशेष अभियान में नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े पाए गए 62 ट्रकों पर प्रवर्तन कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस उप अधीक्षक भूराराम खिलेरी ने ट्रांसपोर्ट संचालकों, वाहन मालिकों तथा ट्रक चालकों से अपील करते हुए कहा कि बिल, बिल्टी, भुगतान अथवा अन्य कार्यालयीन कार्यों के दौरान अपने वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग या नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़ा नहीं करें। वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और आमजन की सुरक्षा भी सुनिश्चित रह सके।
उन्होंने कहा कि हाईवे पर अनधिकृत पार्किंग केवल यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं है, बल्कि यह सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और आम नागरिकों के जीवन एवं संपत्ति के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती है। इसलिए सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। जिला यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post