एफएसटीपी प्लांट पहुंचे छात्र, सीखी आधुनिक अपशिष्ट प्रबंधन की तकनीकडीएस सेवन न्यूज उदयपुर कानोड़। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता कार्यक्रम के तहत चतुर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नया बाजार के विद्यार्थियों को पीपलवास रोड स्थित फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने प्लांट की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा और स्वच्छता से जुड़ी तकनीकी जानकारियां प्राप्त कीं।
नगर पालिका के एमआईएस इंजीनियर अजय गुर्जर ने विद्यार्थियों को एफएसटीपी की कार्य प्रणाली की जानकारी देते हुए प्राइमरी ट्रीटमेंट यूनिट, एमबीआर, स्टेबलाइजेशन टैंक, टीएसआर, स्लज ड्रायर तथा लैब की कार्यप्रणाली विस्तार से समझाई।
जयपुर सीएपीपी यूनिट के एम एंड डी के.के. शर्मा ने बताया कि कानोड़ नगर पालिका क्षेत्र में 3000 रुपये तथा भींडर नगर पालिका क्षेत्र में 2500 रुपये निर्धारित शुल्क जमा कराकर सेप्टिक टैंक खाली करवाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि एकत्रित जलमल का एफएसटीपी पर वैज्ञानिक तरीके से उपचार कर उसे खाद के रूप में उपयोग योग्य बनाया जाता है, जिससे पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा मिलता है। साथ ही विद्यार्थियों को प्रत्येक पांच वर्ष में सेप्टिक टैंक की सफाई कराने के लिए प्रेरित किया गया तथा टोल फ्री नंबर 18008439192 पर जानकारी प्राप्त करने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान सीएमई मनोज कुमार श्रीवास्तव ने वर्षा ऋतु में स्वच्छता बनाए रखने, नालियों में गंदा पानी जमा नहीं होने देने तथा डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर सहायक सामाजिक विकास अधिकारी मनोज कुमार जाट, विद्यालय के अध्यापक निर्मल कुमार पुरोहित, चंद्रशेखर स्वर्णकार, मेघा मोदी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।