शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर कांग्रेस का प्रदर्शन, राजसमंद में प्रधानमंत्री का पुतला फूंका
डीएस सेवन न्यूज राजसमंद। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को राजसमंद के रेलमगरा बस स्टैंड पर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह ने किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह ने कहा कि जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ हुई कथित सख्ती लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। उनका कहना था कि छात्र शिक्षा से जुड़े मुद्दों और हालिया घटनाओं पर न्याय की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय बल प्रयोग किया गया। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और संवाद के जरिए समाधान निकालने की अपील की।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है। पार्टी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष शंकरलाल जाट, पूर्व उपप्रधान कमलेश चौधरी, जिला उपाध्यक्ष शांतिलाल प्रजापत, हुक्मीचंद मेनारिया, लक्ष्मीलाल मेनारिया, नारायणलाल गर्ग, भेरूलाल जाट, शोभालाल जाट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।