दिल्ली से उदयपुर-प्रतापगढ़ तक NEET पेपर लीक के विरोध की गूंज, छात्रों का उबाल; 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' के नारों से गूंजे प्रदर्शन स्थल
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन का असर अब राजस्थान में भी साफ दिखाई देने लगा है। मंगलवार को उदयपुर और प्रतापगढ़ में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतरे और NEET पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। दोनों जिलों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी हुई।
उदयपुर में क्या हुआ?
उदयपुर नगर निगम परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षाओं में पारदर्शिता और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो" के नारे लगातार गूंजते रहे और छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
प्रदर्शन के दौरान एक युवक मौके पर पहुंचा और धरना-प्रदर्शन का विरोध करते हुए कहा कि यदि मंच का उपयोग सनातन धर्म के खिलाफ नारेबाजी या किसी धार्मिक भावना को आहत करने के लिए किया जाएगा तो वह इसका विरोध करेगा। कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हुआ, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा।
प्रतापगढ़ में भी मिला आंदोलन को समर्थन
दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन को प्रतापगढ़ जिले में भी समर्थन मिला। यहां भी युवाओं ने NEET पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन किया और "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो" के नारे लगाए। प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रतापगढ़ कि फोट
दिल्ली में जारी है आंदोलन
दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन लगातार जारी है। हाल के दिनों में प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की घटनाएं भी सामने आईं। इसके बावजूद मंगलवार को भी बड़ी संख्या में छात्र जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर डटे रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन को देशभर में और व्यापक रूप दिया जाएगा। राजस्थान के उदयपुर और प्रतापगढ़ में हुए प्रदर्शन इस बात का संकेत हैं कि NEET पेपर लीक को लेकर युवाओं का आक्रोश अब अलग-अलग राज्यों और जिलों तक पहुंच रहा है