चित्तौड़गढ़ निकुंभ लूट गिरोह का सरगना 15 हजार रुपये का इनामी शातिर अपराधी अवैध हथकढ़ शराब सहित गिरफ्तार

लूट गिरोह का सरगना 15 हजार रुपये का इनामी शातिर अपराधी विशाल मोग्या अवैध हथकढ़ शराब सहित गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़,24 अगस्त 2026। निकुंभ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी व पारोली थाना क्षेत्र की लूट की वारदातों में वांछित एवं 15,000 रुपये के इनामी संगठित लूट गिरोह के सरगना विशाल मोग्या को हथकढ़ अवैध शराब सहित गिरफ्तार किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि वांछित अपराधियों की धरपकड़ एवं कार्रवाई हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, गजेन्द्र सिंह जोधा एवं पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिश चंद्र सिंह, के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी निकुम्भ प्रभुसिंह चुण्डावत एवं टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए निकुम्भ क्षेत्र में सक्रिय एवं संगठित अपराधी गिरोह की गतिविधियों के संबंध में सूचना संकलित कर लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान विगत करीब छह-सात माह से फरार चल रहे आरोपी विशाल मोग्या के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। 
   आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा पिछले 3-4 दिनों से खेतों एवं जंगलों में संभावित ठिकानों के आसपास पूरी-पूरी रात छुपकर रैकी की गई। पुलिस टीम द्वारा लगातार निगरानी एवं पीछा करते हुए आरोपी विशाल मोग्या को आधी रात में हथकढ़ अवैध शराब सहित गिरफ्तार किया गया। आरोपी विशाल मोग्या अपने साथियों के साथ संगठित गिरोह के रूप में लूट की वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्य दो-दो के ग्रुप में मोटरसाइकिलों पर घूमते थे तथा सुनसान रास्तों, खेतों एवं जंगलों में मौका देखकर अकेली महिलाओं, बुजुर्गों, पशु चराने वाले लोगों तथा खेतों पर काम करने वाली महिलाओं एवं पुरुषों को निशाना बनाते थे। गिरोह के सदस्य चाकू की नोक पर लोगों से सोने के टॉप्स, मांदलिये, कानों की मुरकियां आदि आभूषण लूटकर फरार हो जाते थे।
     गिरोह द्वारा पूर्व में पुलिस थाना मंडपिया, मंगलवाड़, बड़ीसादड़ी, निकुम्भ तथा भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी एवं पारोली थाना क्षेत्रों में करीब 09-10 लूट एवं चोरी की वारदातें करना सामने आया है। गिरोह का आपराधिक गतिविधियों का क्षेत्र चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, उदयपुर, प्रतापगढ़ एवं राजसमंद जिलों तक रहा है। लूट गिरोह के तीन अन्य सदस्य वर्तमान में भीलवाड़ा जेल में बंद हैं। आरोपी विशाल मोग्या अपने रिश्तेदारों के सगाई समारोह के अवसर पर मांस-शराब की पार्टी करने के लिए बड़ी मात्रा में हथकढ़ अवैध शराब लेकर आया था। इसी दौरान पुलिस टीम द्वारा उसे अवैध हथकढ़ शराब सहित गिरफ्तार किया गया। आरोपी आदतन अपराधी प्रवृत्ति का होकर पुलिस थाना निकुम्भ का हिस्ट्रीशीटर है। आरोपी के विरुद्ध अवैध शराब कब्जे में रखने तथा संगठित गिरोह का सदस्य होने के अपराध में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण में अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीम:- प्रभुसिंह, उ.नि.,
एएसआई असराम,कमलेश, सूर्यपाल सिंह,प्रहलाद।

Post a Comment

Previous Post Next Post