नाथद्वारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज राजसमंद/नाथद्वारा। श्रीनाथजी मंदिर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चोरी की 9 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने मामले में नाथद्वारा क्षेत्र के एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी से अन्य वाहन चोरी की वारदातों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक राजसमंद हेमन्त कलाल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पारीक तथा वृत्ताधिकारी नाथद्वारा शिप्रा राजावत के सुपरविजन में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए थाना स्तर पर टीम गठित की गई थी।
मामले की शुरुआत 8 जुलाई 2026 को दर्ज रिपोर्ट से हुई। परिवादी बलराम मीणा ने पुलिस को बताया कि वह अपने मित्र सियाराम मीणा के साथ दो मोटरसाइकिलें नाथद्वारा स्थित अरिहंत प्लाजा में खड़ी कर बस से झालावाड़ चले गए थे। वापस लौटने पर दोनों मोटरसाइकिलें मौके से गायब मिलीं। इस पर श्रीनाथजी मंदिर थाने में प्रकरण संख्या 125/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस टीम ने संदिग्धों पर निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान 19 अगस्त 2026 को संदिग्ध नरेश उर्फ मुन्ना गमेती (20), निवासी डिंगेला, थाना नाथद्वारा, जिला राजसमंद को डिटेन कर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अलग-अलग स्थानों से कुल 9 मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 9 मोटरसाइकिलें बरामद कर उसे नियमानुसार गिरफ्तार किया।
पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि उसके द्वारा और कितनी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया है और चोरी के वाहनों को कहां तथा किन लोगों को बेचा गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
Tags
Breaking News