छात्रा से कथित छेड़छाड़ के आरोपों पर प्रधानाचार्य निलंबित, FIR के बाद विभागीय जांच शुरू
डीएस सेवन न्यूज अजमेर। जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कड़ेल के प्रधानाचार्य सुशील कुमार रिणवां पर कक्षा 12 की छात्रा के साथ कथित तौर पर बैड टच करने और मोबाइल पर अश्लील फोटो दिखाने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में पुलिस की ओर से FIR दर्ज किए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने प्रधानाचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बताया गया है कि 14 अगस्त 2026 को विद्यालय में कार्यरत रहते हुए प्रधानाचार्य पर छात्रा के साथ कथित अश्लील हरकत करने और मोबाइल पर अश्लील फोटो दिखाने के आरोप लगे। इसके बाद छात्रा के अभिभावकों ने 17 अगस्त 2026 को पुष्कर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में FIR नंबर 0287 दर्ज की है। FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 74, 75(2) और 79 के तहत मामला दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।
शिक्षा विभाग ने शुरू की विभागीय कार्रवाई
पुलिस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाचार्य सुशील कुमार रिणवां को निलंबित कर दिया। विभाग ने प्रथम दृष्टया मामले को गंभीर कदाचार मानते हुए राजस्थान असैनिक सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 13(1) के तहत निलंबन की कार्रवाई की है।
निलंबन अवधि के दौरान प्रधानाचार्य का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक, बाड़मेर कार्यालय रहेगा। इस दौरान उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता देय होगा।
विभाग ने अजमेर के जिला शिक्षा अधिकारी को प्रधानाचार्य को तत्काल ऑनलाइन कार्यमुक्त करने तथा अनुशासनात्मक कार्रवाई से संबंधित प्रस्ताव निर्धारित अवधि में निदेशालय को भेजने के निर्देश दिए हैं।
मामले में पुलिस जांच के साथ शिक्षा विभाग की विभागीय जांच भी जारी रहेगी। आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर ही होगी।
Tags
Breaking News