कांग्रेस बदलेगी टिकट वितरण का फॉर्मूला, पंचायत-निकाय चुनाव में पहली बार ऑनलाइन आवेदन
डीएस सेवन न्यूज जयपुर। आगामी निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी इस बार टिकट वितरण की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करने जा रही है। पहली बार टिकट के दावेदारों से ऑनलाइन आवेदन लिए जाने की तैयारी है। इसके लिए कांग्रेस जल्द ही एक पोर्टल शुरू करेगी, जिसके जरिए दावेदार टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकेंगे।
ऑनलाइन आवेदन के साथ ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया को भी सीमित किया जाएगा। दावेदार अपना बायोडाटा ब्लॉक अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष के स्तर पर जमा कर सकेंगे। इसके बाद प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी की जाएगी। विधायक, सांसद और जिला अध्यक्षों के स्तर पर दावेदारों के नामों पर चर्चा कर सहमति बनाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
कांग्रेस नेतृत्व की बैठक में चुनावी रणनीति और टिकट वितरण के नए फॉर्मूले पर चर्चा हुई। पार्टी प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने नेताओं से एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने की अपील की। हाईकमान के निर्देशों के मुताबिक इस बार टिकट वितरण में संगठन और जिला अध्यक्षों की भूमिका को अधिक महत्व देने की तैयारी है।
पहले कांग्रेस में टिकट वितरण में विधायकों, चुनाव प्रत्याशियों और वरिष्ठ नेताओं की सिफारिशों की भूमिका प्रमुख रहती थी। अब पार्टी ने इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए टिकट वितरण की प्रक्रिया को संगठन के जरिए संचालित करने का फैसला किया है। इस बार अलग से पर्यवेक्षक नियुक्त नहीं किए जाने की भी बात सामने आई है।
हालांकि टिकट वितरण में विधायकों, सांसदों और वरिष्ठ नेताओं की पसंद की भूमिका बनी रहने की संभावना है, लेकिन टिकट का अंतिम निर्णय केवल किसी एक नेता के स्तर पर नहीं होगा। संगठन और जिला अध्यक्षों को भी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका दी जाएगी।
कांग्रेस का मानना है कि नई व्यवस्था से कार्यकर्ताओं को टिकट प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिलेगा और गुटबाजी को कम करने में मदद मिल सकती है। अब देखना होगा कि टिकट वितरण का यह नया फॉर्मूला आगामी निकाय और पंचायत चुनाव में कांग्रेस के लिए कितना प्रभावी साबित होता है।
Tags
Breaking News