51 लाख की अफीम के साथ राजस्थान का तस्कर गिरफ्तार पुलिस की बड़ी कार्रवाई

51 लाख की अफीम के साथ राजस्थान का तस्कर गिरफ्तार, नीमच केंट पुलिस की बड़ी कार्रवाई

डीएस सेवन न्यूज नीमच। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नीमच केंट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 किलो 150 ग्राम अवैध अफीम के साथ राजस्थान के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 51 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त को उप निरीक्षक जाकिर हुसैन मंसूरी को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध अफीम लेकर राजस्थान जाने वाली बस के इंतजार में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।

पुलिस ने आरोपी की पहचान सुमेर राम पिता अन्नाराम विश्नोई, उम्र 43 वर्ष, निवासी झंवर, जिला जोधपुर, राजस्थान के रूप में की है। उसके पास मौजूद कपड़े के बैग की तलाशी लेने पर चार थैलियों में 10 किलो 150 ग्राम अफीम मिली।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुलिस अफीम के स्रोत और इसकी सप्लाई से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

एसपी राजेश व्यास ने बताया कि कार्रवाई एएसपी हेमलता अग्रवाल और सीएसपी किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा केंट थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक जाकिर हुसैन मंसूरी, आरक्षक अंकित, अल्पेश, सुरेश, रामनारायण और भानुप्रताप की भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post