मैनार में भीषण सड़क हादसा: ओवरटेक करते समय ट्रेलर से टकराई यात्री बस, 3 की मौत; 10 घायल
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर जिले के खेरोदा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर बुधवार शाम करीब 4 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। मैनार डाक बंगले के पास सवारियों से भरी प्राइवेट बस ओवरटेक करने के दौरान आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 यात्री घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि बस करीब 35 यात्रियों को लेकर उदयपुर की ओर आ रही थी। मैनार डाक बंगले के पास चालक ने आगे चल रहे ट्रेलर को पार करने के लिए बस की लाइन बदली। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ट्रेलर से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कैबिन और छत का हिस्सा टूटकर बिखर गया तथा सीटों और खिड़कियों को भी नुकसान पहुंचा।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर खेरोदा थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया।
एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो घायलों की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार के अनुसार मृतकों में बंशीलाल टेलर निवासी पहाड़ा और भगवान लाल डांगी निवासी शोभापुरा शामिल हैं। मृतक महिला की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
हादसे में घायल 10 यात्रियों का एमबी अस्पताल में उपचार चल रहा है। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई गई है।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और टीम ने क्षतिग्रस्त बस को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान लाइन बदलना हादसे की वजह सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है।
Tags
Breaking News