बस्सी में जुलूस के दौरान फर्रियों को लेकर विवाद, गणेश चित्र सड़क पर गिरने के बाद बढ़ा तनाव
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़/बस्सी, 26 अगस्त। चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी कस्बे में बुधवार सुबह बारावफात जुलूस के दौरान फर्रियों को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। इसी दौरान भगवान गणेश के चित्र सड़क पर गिरने और उनके पैरों तले आने की बात सामने आने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थिति की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है।
मामले की जानकारी मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा भी बस्सी पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत की और शांति बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि बारावफात, रक्षाबंधन समेत सभी त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएं। पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। ऐसे में पुलिस पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति पता लगाने के लिए जुलूस के दौरान बनाए गए वीडियो फुटेज और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
घटना के बाद बस्सी के बाजार क्षेत्र में भी इसका असर दिखाई दिया। स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई और मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग उठी।
फिलहाल पुलिस-प्रशासन की ओर से क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
Tags
Breaking News